
रुड़की, 5 अगस्त। सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान रुड़की में आयोजित विभिन्न कांवड़ सेवा शिविरों और भंडारों में बुधवार को उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा पहुंचे। उन्होंने शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, प्रसाद वितरित किया तथा आयोजकों द्वारा की जा रही सेवा की सराहना की। प्रदेश में कांवड़ यात्रा के सुचारु संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सरकार लगातार व्यवस्थाओं पर ध्यान दे रही है।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सबसे पहले रानी लक्ष्मी बाई पार्क, सिविल लाइन स्थित बाबा केदारनाथ कांवड़ सेवा संघ द्वारा आयोजित कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने सिविल लाइन पेट्रोल पंप के निकट विशाल गोयल एवं आशीष सिंघल द्वारा आयोजित भंडारे में पहुंचकर कांवड़ियों को प्रसाद वितरित किया।
इसके उपरांत मंत्री बत्रा पंचशील काली माता मंदिर में अलका अरविंद मित्तल एवं रोटरी क्लब रुड़की द्वारा आयोजित भंडारे में शामिल हुए। उन्होंने ठंडेरी ख्वाजगीपुर बाईपास रोड स्थित सैनी कांवड़ सेवा समिति के भंडारे, आसफनगर पटरी स्थित त्यागी समाज के सेवा शिविर, सोलानी पार्क के समीप समर्पण जन कल्याण संगठन ट्रस्ट द्वारा आयोजित भंडारे तथा नगर निगम के सामने अजय तेवतिया द्वारा आयोजित भंडारे में भी पहुंचकर शिवभक्तों का स्वागत किया और सेवा कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा करना भगवान भोलेनाथ की सेवा के समान है। रुड़की की सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं जिस समर्पण भाव से लाखों श्रद्धालुओं के लिए भोजन, जलपान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी आयोजकों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने हेतु निरंतर कार्य कर रही है।





