
रुड़की। श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा के उद्देश्य से सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश, उत्तरी खंड गंगा, रुड़की की ओर से कांवड़ पटरी स्थित प्रशासनिक भवन के बाहर सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हजारों शिवभक्त कांवड़ियों को श्रद्धा, भक्ति और सम्मान के साथ हलवा-पूरी का प्रसाद वितरित किया गया।


इस दौरान विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं प्रसाद वितरण कर शिवभक्तों की सेवा की तथा उनकी मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की कामना की। अधिकारियों ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है। मानवता और धर्म की सेवा से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है।”
उन्होंने कहा कि यह सभी का सौभाग्य है कि भगवान शिव के भक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं और उनकी सेवा करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। ऐसे सेवा शिविर समाज में सेवा, सहयोग और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं।
इस सेवा शिविर के मुख्य आयोजक अधिशासी अभियंता विकास त्यागी रहे। उनके नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अवर अभियंता बी.डी. धीमान, सहायक अभियंता अर्जुन सिंह, जूनियर इंजीनियर आशीष त्यागी, मुकर्रम अली, सुशील चंद राजपूत सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ शिवभक्तों की सेवा कर आयोजन को सफल बनाया।
सेवा का संदेश देते इस शिविर ने कांवड़ यात्रा में आस्था के साथ मानव सेवा की मिसाल भी पेश की। 🙏🔱





