
रुड़की। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान रुड़की प्रेस क्लब परिसर में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव कौशिक द्वारा आयोजित विशाल कांवड़ प्रसाद भंडारे में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड पहुंचे शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा एवं प्रसाद वितरण कर स्वागत किया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है और प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्थाओं के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, रुड़की प्रेस क्लब के सम्मानित पत्रकार बंधु, भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने कांवड़ यात्रियों को प्रसाद वितरित कर उनकी यात्रा को मंगलमय होने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सेवा और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां शिवभक्तों ने भी आयोजकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।





