Latest Update

स्कूली बच्चों को दांतों की सुरक्षा व रखरखाव के लिए किया जागरूक,वरिष्ठ समाजसेविका पूजा गुप्ता ने शिविर के माध्यम से की पहल 

रुड़की।खंजरपुर स्थित जय कृष्णा पब्लिक स्कूल में पूर्व कांग्रेस मेयर प्रत्याशी एवं वरिष्ठ समाजसेविका पूजा गुप्ता की पहल पर बच्चों के लिए दंत जांच व जागरूकता शिविर आयोजित किया गया,जिसमें नर्सरी से तीसरी कक्षा तक के सौ से अधिक बच्चों के दांतों की जांच की गई।इस दौरान बच्चों को दांतों की नियमित सफाई और सही खान-पान के प्रति जागरूक किया गया।दंत चिकित्सक डॉ०सुमिता आर्य ने बच्चों की जांच करते हुए बताया कि करीब अस्सी प्रतिशत बच्चों के दांतों में किसी न किसी प्रकार की समस्या पाई गई है।कई बच्चों के दांतों में कैविटी मिली,जबकि कुछ बच्चों के दांत पीले पाए गए।कुछ बच्चों के दांत टेढ़े-मेढ़े भी थे।डॉक्टर ने बच्चों को समझाया कि समय रहते दांतों की समस्या का उपचार कराने से भविष्य में होने वाली परेशानियों से बचा जा सकता है।डॉ०सुमिता आर्य ने बच्चों को दिन में दो बार ब्रश करने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी।उन्होंने कहा कि चॉकलेट,टॉफी और चिप्स जैसी चीजों का बार-बार सेवन दांतों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।जूस और कोल्ड ड्रिंक का सेवन भी सीमित करने की सलाह दी गई।बच्चों को पेंसिल चबाने से भी बचने को कहा गया।जय कृष्णा पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य रुचिका सिंह ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के लिए दंत जांच शिविर बेहद उपयोगी है।समय पर दांतों की जांच से समस्याओं की पहचान संभव होती है।विद्यालय बच्चों को नियमित ब्रशिंग,संतुलित खान-पान और स्वच्छता के प्रति जागरूक करता रहेगा। वरिष्ठ समाजसेविका पूजा गुप्ता ने कहा कि आमतौर पर स्वास्थ्य शिविरों में बड़ों पर अधिक ध्यान दिया जाता है,जबकि बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच भी बेहद जरूरी है।उन्होंने कहा कि दांतों की छोटी समस्या की शुरुआत में ही पहचान हो जाए तो उसे गंभीर होने से रोका जा सकता है।शिविर के दौरान बच्चों को एक कंपनी के सहयोग से टूथपेस्ट वितरित किया गया।बच्चों की देखभाल करने वाली शिक्षिकाओं के दांतों की भी जांच की गई।आयोजकों ने कहा कि बच्चों में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य एवं दंत जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।इस अवसर पर हेमा,प्रिया,शिवानी,सुची,शिल्पा,दीपा,सुमन आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News