

मंगलौर। नगर में मुंडलाना रोड स्थित पानी की टंकी के समीप नवनिर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का विधिवत लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऑनलाइन माध्यम से पार्क का उद्घाटन किया। इसके साथ ही मंगलौर को एक सुंदर, व्यवस्थित और हरे-भरे सार्वजनिक स्थल की सौगात मिल गई।


लोकार्पण कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष मोहिउद्दीन अंसारी ने की, जबकि मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान नगर पालिका के सभासदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।



नवनिर्मित पार्क को लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यहां व्यायाम के लिए उपकरण, बैठने के लिए आकर्षक बेंच, हरी घास, विभिन्न प्रकार के पौधे और टहलने के लिए पाथ-वे बनाया गया है। उद्घाटन के बाद नगरवासियों ने पार्क का भ्रमण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की।


इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मोहिउद्दीन अंसारी ने कहा कि देवभूमि रजत जयंती पार्क मंगलौर की जनता के लिए बड़ी सौगात है। इससे सुबह-शाम सैर करने वाले लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने नगरवासियों से पार्क की स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पालिका की ओर से सफाई व्यवस्था का ध्यान रखा जाएगा, लेकिन नागरिकों की भी जिम्मेदारी है कि वे कूड़ा इधर-उधर न फेंकें और पार्क को अपना समझकर उसकी देखभाल करें।

विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि यह पार्क मंगलौर की सुंदरता में चार चांद लगाएगा। यहां बच्चे खेल सकेंगे, बुजुर्ग सुबह-शाम सैर कर सकेंगे और परिवार के लोग एक साथ बैठकर समय बिता सकेंगे। मंगलौर को लंबे समय से ऐसे पार्क की आवश्यकता थी, जो अब पूरी हो गई है। यह पार्क आने वाले समय में नगर की नई पहचान बनेगा। उन्होंने कहा कि यह तो विकास की शुरुआत है। भविष्य में मंगलौर में जगह-जगह पार्क, कॉलेज और अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। मंगलौर के विकास का पहिया अब रुकने वाला नहीं है। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी ने नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।











