

रुड़की/भगवानपुर। भगवानपुर क्षेत्र में पुलिस और गौ तस्कर के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गौ तस्कर के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।


घायल गौ तस्कर की पहचान छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद, निवासी ग्राम हलजौरा, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी हुई है।



प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी सिकरोड़ा गांव के पास स्थित आम के बाग में गोकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में था। बताया जा रहा है कि वह गोकशी करने के लिए अपने साथी कालू का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पुलिस से उसका सामना हो गया और मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।


फिलहाल घायल आरोपी का उपचार सिविल अस्पताल रुड़की में कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के साथी कालू की तलाश सहित घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।











