Latest Update

देवभूमि रजत जयंती रामनगर पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण  कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा,राज्यसभा सांसद डॉ कल्पना सैनी, महापौर अनीता देवी अग्रवाल,भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल कार्यक्रम में शामिल रहे


रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ऋषिकेश से वर्चुअल माध्यम से रुड़की के रामनगर स्थित देवभूमि रजत जयंती पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर नगर निगम रुड़की सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी और रुड़की की महापौर अनीता गर्वाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों के सुनियोजित विकास, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

ऋषिकेश में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में गोसदन, नंदीशाला और निराश्रित कुत्तों के लिए एबीसी सेंटर स्थापित करने की बात कही। संजय झील के सौंदर्यीकरण एवं सफाई के लिए वन विभाग के माध्यम से दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा झील क्षेत्र में चार कक्षों का विश्राम गृह बनाने की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने जलभराव की समस्या के समाधान के लिए तैयार वाटर ड्रेनेज प्लान और उसकी डीपीआर का उल्लेख करते हुए जल्द स्वीकृति की बात कही। उन्होंने वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले के दृष्टिगत हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर के निर्माण, 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आइकॉनिक सिटी विकसित करने तथा पुराने एवं नए घाटों के पुनर्निर्माण और नवनिर्माण की योजनाओं की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में शहरों के पार्कों और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है, जिससे लोगों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिल सकें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने देवभूमि रजत जयंती पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य के लोकार्पण पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में रुड़की में विकास कार्यों को गति मिल रही है। पार्कों का सौंदर्यीकरण और सार्वजनिक स्थलों का विकास शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ ही नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि रुड़की के समग्र विकास के लिए सरकार और नगर निगम मिलकर कार्य कर रहे हैं। शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। देवभूमि रजत जयंती पार्क का सौंदर्यीकरण भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ कल्पना सैनी, महापौर अनीता अग्रवाल , मुख्य नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सहायक नगर आयुक्त अमरजीत कौर, अन्य भाजपा नेता एवं नगर निगम के सभी पार्षदगण उपस्थित रहे।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News