Latest Update

सेवा ही सच्ची पत्रकारिता का धर्म: कांवड़ सेवा शिविर की व्यवस्थाएं देखकर भावुक हुईं सीओ ओसीन जोशी, प्रेस क्लब रुड़की की खुलकर की सराहना

रुड़की। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा के लिए प्रेस क्लब रुड़की द्वारा संचालित सेवा शिविर लगातार श्रद्धा और समर्पण का उदाहरण बना हुआ है। इसी क्रम में रुड़की की सीओ ओसीन जोशी ने सेवा शिविर का निरीक्षण किया और वहां की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की।

सीओ ओसीन जोशी ने शिविर में पहुंचकर कांवड़ यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने भोजन, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य सेवा व्यवस्थाओं को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि “सेवा ही सच्ची पत्रकारिता का वास्तविक धर्म है। प्रेस क्लब रुड़की ने समाचारों के साथ-साथ समाज सेवा का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह वास्तव में प्रेरणादायक है।”

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में पत्रकारों का इस प्रकार सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रेस क्लब रुड़की के पदाधिकारियों ने सीओ ओसीन जोशी का स्वागत किया और उन्हें शिविर की गतिविधियों की जानकारी दी। शिविर में प्रतिदिन हजारों कांवड़ यात्रियों को भोजन, जलपान, चिकित्सा सहायता और विश्राम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रेस क्लब रुड़की ने कहा कि भविष्य में भी समाज सेवा और जनहित के ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे। कांवड़ सेवा शिविर में पुलिस प्रशासन, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से सेवा का यह अभियान पूरे श्रद्धाभाव के साथ संचालित किया जा रहा है।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News