Latest Update

रुड़की में स्पेयर पार्ट्स की दुकान में भीषण आग, हेलमेट और गाड़ियों की हेडलाइट समेत लाखों का सामान जलकर राख

रुड़की। शहर के पुरानी तहसील क्षेत्र में काली माता मंदिर के नजदीक शनिवार देर शाम एक ऑटो स्पेयर पार्ट्स की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के मुताबिक, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित इस दुकान में ऑटो स्पेयर पार्ट्स का अतिरिक्त स्टॉक रखा हुआ था। इसमें हेलमेट, दोपहिया और अन्य वाहनों की हेडलाइट सहित कई प्रकार के स्पेयर पार्ट्स और उपकरण शामिल थे। अचानक दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की गंभीरता उस समय और बढ़ गई, जब लोगों को पता चला कि दुकान के ठीक ऊपर आवासीय मकान बने हुए हैं, जहां परिवार रहते हैं। दुकान से उठती आग की लपटों और घने धुएं को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। अपनी सुरक्षा को देखते हुए मकानों में रह रहे लोग आनन-फानन में बाहर निकल आए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को आसपास की अन्य दुकानों तथा आवासीय भवनों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया।

गनीमत रही कि इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा हेलमेट, गाड़ियों की हेडलाइट और अन्य स्पेयर पार्ट्स सहित पूरा सामान जलकर राख हो गया। आग से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News