
रुड़की। रुड़की स्मॉल स्केल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की ओर से दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में रामनगर स्थित एपी गर्ग मेमोरियल पार्क, इंडस्ट्रियल एस्टेट में भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा,समाजसेविका मनीषा बत्रा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों, औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों एवं गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत किया।इस अवसर पर रोटरी क्लब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश भी मौजूद रहे।

समारोह का आयोजन दीपावली के उत्साह, आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और औद्योगिक एकजुटता को समर्पित रहा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और त्योहार की खुशियां साझा कीं। पूरे आयोजन में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, भाईचारे, सकारात्मकता और नई ऊर्जा का प्रतीक भी है। रुड़की का औद्योगिक क्षेत्र शहर की अर्थव्यवस्था और विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। छोटे एवं मध्यम उद्योग रोजगार सृजन के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि उद्यमियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों की मेहनत प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे आयोजन आपसी समन्वय, सहयोग और संबंधों को और अधिक मजबूत बनाते हैं। उन्होंने सभी उद्यमियों एवं एसोसिएशन के सदस्यों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और कारोबार में निरंतर प्रगति की कामना की।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने कहा कि दीपावली का पर्व सभी को एकजुट होकर खुशियां बांटने और आपसी संबंधों को मजबूत करने का संदेश देता है। एसोसिएशन का प्रयास है कि औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े सभी लोग एक परिवार की तरह मिल-जुलकर आगे बढ़ें।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विनीत सिंघल, सचिव राजीव मित्तल, संयुक्त सचिव विकास सिंघल एवं कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल सदस्य अजय जैन ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का आभार व्यक्त करते हुए समारोह में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में रात्रिभोज की भी व्यवस्था की गई। सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए इस अवसर को यादगार बनाया।
समारोह ने औद्योगिक क्षेत्र में आपसी सहयोग, सामाजिक एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।







