Latest Update

हरिद्वार में परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई: 137 चालान, 22 बसों के चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 72 चालान; लग्जरी एवं स्लीपर बसों की तकनीकी जांच का अभियान जारी

हरिद्वार। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया कि सड़क सुरक्षा और यात्री वाहनों के सुरक्षित संचालन को लेकर परिवहन विभाग का सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में की गई कार्रवाई में कुल 137 चालान किए गए जिसमें 22 बसों के चालन किया गया। कुल चालानों में बिना हेलमेट वाहन संचालन के 72 चालान भी शामिल हैं।

        सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा एवं सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा के नेतृत्व में चल रहे अभियान में परिवहन कर अधिकारी सुश्री वरुणा सैनी एवं मुकेश भारती ने चेकिंग एवं प्रवर्तन कार्रवाई की। बसों की तकनीकी जांच में सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन भी सम्मिलित रहे।

        अभियान के दौरान लग्जरी एवं स्लीपर बसों सहित यात्री वाहनों के फिटनेस, परमिट, पंजीयन, बीमा तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच पर विशेष ध्यान दिया गया। बसों की तकनीकी स्थिति एवं यात्री सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच के साथ उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

         लग्जरी एवं स्लीपर बसों के निरीक्षण में वाहन की संरचना, आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरणों तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यात्रियों को ले जाने वाले वाहन वैध अभिलेखों के साथ तकनीकी रूप से भी सुरक्षित स्थिति में संचालित हों।

        इसके साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध भी चेकिंग की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 72 चालान किए गए। परिवहन विभाग ने दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाले व्यक्तियों से निर्धारित मानक का हेलमेट पहनने और उसकी पट्टी सही ढंग से बांधने की अपील की है। हेलमेट का नियमित एवं सही उपयोग दुर्घटना की स्थिति में सिर की गंभीर चोटों से बचाव के लिए आवश्यक है।

           बस स्वामियों एवं संचालकों से अपेक्षा की गई है कि वे संचालन से पहले वाहनों की तकनीकी स्थिति, आवश्यक अभिलेखों एवं सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही परमिट की शर्तों का पालन करें और वाहनों में अनधिकृत परिवर्तन न कराएं।

          जनपद में यात्री सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन के लिए सघन चेकिंग और तकनीकी निरीक्षण का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News