
रुड़की। युवा कल्याण विभाग, रुड़की की ओर से के.एल. पॉलिटेक्निक खेल मैदान में “विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2026” खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बतौर अतिथि प्रतिभाग किया और ऊर्जावान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि “खेल महाकुंभ 2026” के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को सशक्त बनाने और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें।
मंत्री ने इस आयोजन के लिए युवा कल्याण विभाग की पूरी टीम और आयोजकों को बधाई दी। साथ ही प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।



















