
रुड़की हरिद्वार यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को चौथी अंडर-18 जूनियर जिला स्तरीय खो-खो चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि रोमा सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा, भाजपा उत्तराखंड ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर जिला खो-खो एसोसिएशन हरिद्वार के महासचिव चैंपियन सूरज रोड द्वारा मुख्य अतिथि रोमा सैनी को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर रोमा सैनी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “हमने भी स्कूल के समय खो-खो खेला है। खो-खो भारत का बहुत ही सुंदर और पारंपरिक खेल है। हर बच्चे को इस खेल से जुड़ना चाहिए और प्रत्येक स्कूल में यह खेल खेला जाना चाहिए।” उन्होंने बच्चों के साथ स्वयं खो-खो खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह भी बढ़ाया।
प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 10 टीमों तथा बालिका वर्ग की 8 टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
बालक वर्ग में ब्लॉसम्स स्कूल सहदेवपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। मोंटफोर्ट स्कूल रुड़की ने द्वितीय तथा हरिओम सरस्वती स्कूल धनौरी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं बालिका वर्ग में भी ब्लॉसम्स स्कूल सहदेवपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हरिओम सरस्वती स्कूल धनौरी ने द्वितीय तथा हरिओम क्लब ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर हरिद्वार यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष एस.के. गुप्ता ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने बच्चों से अधिक से अधिक खेलों में भाग लेने और खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में हरिद्वार यूनिवर्सिटी के उपाध्यक्ष नमन बंसल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार सुमित चौहान जी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें ट्रॉफी एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष रचना देवी, भाजपा युवा नेता योगी रोड, क्षेत्रीय रोड धर्मशाला के पूर्व प्रधान सेवाराम रोड, तथा खो-खो एसोसिएशन हरिद्वार के अध्यक्ष जहीर अहमद एवं उपाध्यक्ष गौरव शर्मा ,चंचल चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
खो-खो एसोसिएशन हरिद्वार के अध्यक्ष जहीर अहमद ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 15 बालक एवं 15 बालिकाओं का चयन राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हरिद्वार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच उपलब्ध कराना तथा खो-खो जैसे पारंपरिक भारतीय खेल को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में विकास कुमार, रिहान, उदित चौधरी, मोहित कुमार, कनिका सैनी, मौनीश सहित अनेक खेलप्रेमी, खिलाड़ी, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।



















