
रुड़की। नगर निगम रुड़की में बारिश शुरू होते ही स्वच्छता अभियान और तेज कर दिया है। ताकि पानी की निकासी बाधित न हो,इसके लिए आम नागरिकों को भी जागरूक किया जा रहा है कि वह किसी भी तरह का पू कूड़ा,करकट,पॉलीथिन और प्लास्टिक नाली व नालों में न डालें। नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने नगर निगम की टीम को निर्देशित किया है कि स्वच्छता और पानी की निकासी पर विशेष ध्यान रखा जाएं। जहां पर भी बारिश के दौरान जल भराव की समस्या सामने आ रही है,तुरंत मौके पर जाकर वहां की पानी की निकासी सुचारू कराई जाए। कहीं पर भी ऐसा नहीं होना चाहिए कि नाली व नालों में कूड़ा करकट व अन्य गंदगी जमा होने से पानी की निकासी बाधित हो रही हो। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता स्वच्छता अभियान में सहयोग करने के साथ-साथ पौधारोपण का भी आवाहन किया। ताकि नगर निगम क्षेत्र हरा भरा रहे।

मंगलवार को नगर निगम रुड़की द्वारा वार्ड संख्या 09 एवं 10 का विशेष निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण तथा नालों की सफाई का गहन जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही क्षेत्र के डेयरी संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे पशुओं का गोबर एवं अन्य अपशिष्ट खुले स्थानों पर न डालें, बल्कि उसका निर्धारित एवं उचित स्थान पर ही निस्तारण करें, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा या गंदगी का सामना न करना पड़े।
नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया कि खुले में गोबर या अन्य अपशिष्ट डालकर सार्वजनिक स्वच्छता को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त चालानी एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छ शहर, स्वस्थ नागरिक यही हमारी प्राथमिकता है।





