
रुड़की। वार्ड नंबर 27 में शेर सिंह राणा चौक के समीप सड़क धंसने की सूचना पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क के धंसने से उत्पन्न स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर जानकारी ली और समस्या के स्थायी समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक शेट एवं पार्षद पति विनीत शर्मा भी मौजूद रहे। मंत्री प्रदीप बत्रा ने अधिकारियों को सड़क धंसने के कारणों की जांच करने तथा तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को दो दिन के भीतर सड़क की समस्या का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्रवासियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सड़क की मरम्मत का कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी तरीके से किया जाए।
मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को समयसीमा के भीतर कार्रवाई पूरी कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करना होगा।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने मंत्री को आश्वस्त किया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर सड़क की समस्या का समाधान कराया जाएगा।



















