
रुड़की। विशेष गहन पुनरीक्षण ( एसआईआर)-2026 अभियान अब अंतिम चरण में प्रवेश कर चुका है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के विशेष निर्देशों के क्रम में, विधानसभा क्षेत्र 31-रुड़की में विशेष गहन पुनरीक्षण ( एसआईआर)-2026 अभियान को अंतिम चरण में मिशन मोड पर संचालित किया जा रहा है। तहसील रुड़की के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ मैदान में कार्यरत हैं। बीएलओ के साथ घर-घर जाकर निर्वाचन गणना प्रपत्र का वितरण, संकलन एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का विवरण समयबद्ध रूप से मतदाता सूची में अद्यतन किया जा सके।

लोकतंत्र को सशक्त बनाने की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में आपका सहयोग अत्यंत आवश्यक है। सभी सम्मानित मतदाताओं से विनम्र अपील की है कि जब बीएलओ आपके घर आएँ तो उनका सहयोग करें। निर्वाचन गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर समय पर उपलब्ध कराएं। आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, जिससे प्रक्रिया शीघ्र पूरी हो सके। अपने परिवार, पड़ोसियों एवं परिचितों को भी इस अभियान में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करें।आपका एक छोटा सा सहयोग, एक शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है।आइए, अंतिम चरण में पूरे उत्साह के साथ जुड़ें और लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।





