
रुड़की। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने शनिवार को कैनाल रोड़ स्थित अपने ‘सेवा केंद्र’ (कैंप कार्यालय) में क्षेत्रवासियों की जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर सेवा केंद्र पहुंचे। मंत्री बत्रा ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार जनकल्याण, सुशासन और अंत्योदय के संकल्प को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने विश्वास दिलाया कि जनसेवा के इसी उद्देश्य के साथ सेवा केंद्र के माध्यम से क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाते रहेंगे, ताकि आम जनता को पारदर्शी, सरल और प्रभावी प्रशासन का लाभ मिल सके। कैबिनेट मंत्री ने ऊर्जा निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह बिजली और पानी की आपूर्ति सुचारू बनाए रखें। किसी भी क्षेत्र में बिजली व पेयजल का संकट उत्पन्न न हो। जहां पर भी बिजली की लाइन में फाल्ट और पानी की लाइन में लीकेज होने की सूचना मिलती है तो उसे तुरंत दुरुस्त कराया जाए।





