Latest Update

BREAKING NEWS:कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा के अतिविशिष्ट प्रस्ताव पर आगे बढ़ी 250 करोड़ की महत्वाकांक्षी योजना, रुड़की को जल्द मिलेगी बाईपास से सीधी कनेक्टिविटी

रुड़की। रुड़की शहर को जल्द ही रुड़की-मंगलौर बाईपास से सीधी कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। सिंचाई विभाग ने रुड़की में सोलानी नदी एक्वाडक्ट से रुड़की-मंगलौर बाईपास तक करीब सात किलोमीटर लंबी सड़क और बाढ़ सुरक्षा बांध निर्माण की महत्वाकांक्षी योजना पर काम शुरू कर दिया है। करीब 250 करोड़ रुपये की इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहरवासियों को बाईपास तक पहुंचने के लिए चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और करीब आधा घंटा समय बचेगा।

इस महत्वाकांक्षी योजना को आगे बढ़ाने में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मंत्री प्रदीप बत्रा के अतिविशिष्ट प्रस्ताव पर तैयार की जा रही इस योजना की डीपीआर बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। डीपीआर तैयार होने के बाद इसे शासन स्तर पर स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।

प्रस्तावित योजना के तहत सोलानी पुल एक्वाडक्ट से रुड़की-मंगलौर बाईपास तक दोनों ओर बाढ़ सुरक्षा बांध बनाए जाएंगे। इन्हीं बांधों के ऊपर लगभग सात किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इससे एक ओर क्षेत्र को बाढ़ से सुरक्षा मिलेगी तो दूसरी ओर यातायात व्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

वर्तमान में रुड़की शहर से हरिद्वार-मेरठ हाईवे या रुड़की-मंगलौर बाईपास तक पहुंचने के लिए वाहन चालकों को रुड़की से कोर कॉलेज तक लंबा फेरा लगाना पड़ता है। नई सड़क बनने के बाद वाहन चालक सोलानी पुल क्षेत्र से सीधे एनएच-334 तक पहुंच सकेंगे। इससे समय, ईंधन और यातायात दबाव तीनों में कमी आएगी।

यह सड़क मल्कपुर, लाठरदेवा, आदर्श नगर, गंगनहर क्षेत्र, जयपुर और कांवड़ मार्ग समेत कई क्षेत्रों को जोड़ेगी। सड़क निर्माण से इन क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में विकास गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि रुड़की के विकास और बेहतर यातायात सुविधाओं के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। यह परियोजना शहर की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता को पूरा करेगी और भविष्य में रुड़की की विकास यात्रा को नई दिशा देगी।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News