
रोशनाबाद। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के निवासियों को मिली बड़ी सौगात । राज्य योजना के अन्तर्गत क्षेत्रीय विधायक आदेश चौहान के प्रस्ताव पर सरकार ने लगभग 4 करोड़ 71 लाख रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों को प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इन कार्यों के तहत शिवालिक नगर नगरपालिका,नगर निगम हरिद्वार और ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों का डामरीकरण, पुनर्निर्माण और इंटरलॉकिंग टाइल्स व नाली निर्माण किया जाएगा। स्वीकृत विकास कार्यों से रानीपुर विधानसभा के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की सूरत बदलने की तैयारी है।
स्वीकृत कार्यों में नगरपालिका शिवालिक नगर के टिहर विस्थापित कॉलोनी सेक्टर 3 में लगभग 98 लाख रुपये की लागत से लगभग 3 किलोमीटर आंतरिक गलियों का पुनर्निर्माण तथा एस क्लस्टर शिवालिक नगर में ₹85 लाख की लागत से लगभग चार किलोमीटर आंतरिक सड़कों का डामरीकरण (हाटमिक्स) कार्य किया जायेगा। रानीपुर विधानसभा के अन्तर्गत नगर निगम हरिद्वार के सीतापुर क्षेत्र में ₹95 लाख की लागत से जल निकासी के लिए लगभग 1 किमी नाली सहित लॉकिंग टाइल्स से आंतरिक सड़कों का निर्माण किया जायेगा। इसके साथ ही सलेमपुर क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियां में लगभग ₹93 लाख की लागत से नाली और लॉकिंग टाइल्स द्वारा सड़कों का निर्माण तथा कृष्णा विहार कॉलोनी ( डैन्सो चौक ) में भी लगभग ₹98 लाख की लागत से आंतरिक सड़कों का इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा सुदृढ़ीकरण किया जायेगा।

क्षेत्र के विकास कार्यों की स्वीकृति पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र पर काम कर रही है। क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं जैसे मजबूत सड़कें, जल निकासी और स्वच्छ वातावरण देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वीकृत हुए सभी कार्य स्थानीय जनता की अपेक्षाओं को पूरा करेंगे और इससे हजारों परिवार लाभान्वित होंगें। जिससे उनका जीवन सुगम होगा।रानीपुर विधानसभा का कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नही रहेगा। नगरपालिका शिवालिकनगर के सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने विकास कार्यों की स्वीकृतियों के लिए विधायक आदेश चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह विधायक चौहान की दूरगामी सोच और कुशल कार्यशैली का ही परिणाम है कि पिछले 14 वर्षों में रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में हजारों करोड़ रुपए के चरणबद्ध विकास कार्य धरातल पर उतरे हैं। शिवालिक नगर और आसपास के क्षेत्रों को एक आदर्श क्षेत्र के रूप में विकसित करने में इन कार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने विधायक आदेश चौहान के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।





