
रुड़की। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने रुड़की में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की दुनिया भर में धाक जमी हुई है। देश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। सड़क, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं तथा देशभर में आधुनिक सड़कों का जाल बिछाया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं, गरीबों और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं।
युवाओं का आह्वान करते हुए अठावले ने कहा कि वे केवल नौकरी पाने की सोच तक सीमित न रहें, बल्कि स्वरोजगार और मेक इन इंडिया अभियान से जुड़कर नौकरी देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय नशा मुक्ति अभियान को लेकर भी लगातार कार्य कर रहा है और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने आगामी 2027 उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि यदि भाजपा गठबंधन के तहत आरपीआई को तीन से चार सीटें देती है तो पार्टी भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। वहीं यदि गठबंधन नहीं होता है तो आरपीआई अपने दम पर 10 से 12 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी।
प्रदेश अध्यक्ष सेठपाल सिंह ने कहा कि पार्टी संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और गांव-गांव, नुक्कड़ सभाओं तथा जनसभाओं के माध्यम से पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार पार्टी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी तरह जुट चुकी है। सम्मेलन के दौरान रहीमपुर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हसीब आलम ने अपने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन सिंह रावत,राम सिंह, धीरज कुमार,देवेंद्र कुमार, सुभाष नम्बरदार,मुकर्रम अली, नदीम आलम,श्रवण, शैलेंद्र,पंकज,सतेंद्र,राम सिंह,सुरेश आर्य,जयवीरसिंह,विजयपाल,हेमंत,राकेश,मुकेश,प्रदीप,रविन्द्र मलिक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




