ऋषिकेश स्थित चारधाम ट्रांजिट कैंप में शनिवार को उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा एक्शन मोड में नजर आए।

ऋषिकेश स्थित चारधाम ट्रांजिट कैंप में शनिवार को उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा एक्शन मोड में नजर आए। मंत्री ने कैंप पहुंचकर यात्री सुविधाओं, पंजीकरण व्यवस्था और ट्रांजिट कैंप की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रदीप बत्रा ने मोबाइल टीम के माध्यम से किए जा रहे पंजीकरण कार्य का जायजा लिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि यूएसएस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित किया जाए लोगों तक पहुँच उनका समाधान किया जाए , ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पंजीकरण केंद्रों पर लंबी कतारों में खड़े यात्रियों को एलईडी स्क्रीन और माइक के माध्यम से समय-समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे यात्रियों में भ्रम की स्थिति न बने और व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।
इसके साथ ही मंत्री प्रदीप बत्रा ने यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पंजीकरण खिड़कियों पर टोकन सिस्टम लागू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को घंटों लाइन में खड़े रहने से राहत मिलेगी और व्यवस्था अधिक पारदर्शी एवं अनुशासित बनेगी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए भंडारे,ठंडा मीठा पानी की व्यवस्था भी कल से लगातार 8 दिन तक कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालु देवभूमि के अतिथि हैं और उनकी सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मंत्री प्रदीप बत्रा के इस औचक निरीक्षण और त्वरित निर्देशों के बाद ट्रांजिट कैंप प्रशासन में भी हलचल तेज हो गई। यात्रियों ने मंत्री द्वारा लिए गए फैसलों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में व्यवस्थाएं और बेहतर होंगी।






