
मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने जताया आभार, भड़ाना बोले— राजनीति मेरे लिए जनसेवा का माध्यम

मंगलौर/नारसन कलां। मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के नारसन कलां गांव में पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने आर्य समाज मंदिर में 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित हॉल के लिए उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
जनसभा को संबोधित करते हुए करतार सिंह भड़ाना ने कहा कि उनके लिए राजनीति केवल कुछ हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के प्रति अपने दायित्वों को निभाने और जनता का कर्ज चुकाने का रास्ता है। उन्होंने कहा कि वह 36 बिरादरी के बेटे के रूप में क्षेत्र की सेवा करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उनका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास कार्यों को गति देना है।
इस दौरान भड़ाना ने अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लोगों के लिए चौपाल बनाने की घोषणा भी की। उनकी इस घोषणा को सामाजिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने करतार सिंह भड़ाना द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना की और जनता से उन्हें भारी मतों से जिताने की अपील की।
नारसन कलां में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों, जनसेवा और क्षेत्र की जनता से जुड़ाव को लेकर चर्चा रही। ग्रामीणों के स्वागत और आभार कार्यक्रम ने क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी को भी चर्चा का विषय बना दिया।



















