
काशीपुर। उत्तराखंड सरकार में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के नेतृत्व में प्रदेश के परिवहन ढांचे को आधुनिक और जनहितकारी बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में काशीपुर को भी बड़ी सौगात मिली है। लगभग 42 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करते हुए मंत्री प्रदीप बत्रा ने घोषणा की कि काशीपुर में चार एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक रोडवेज बस स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बाजपुर रोड स्थित पुरानी सूत मिल की चार एकड़ भूमि परिवहन विभाग को हस्तांतरित हो चुकी है और बस स्टेशन की डीपीआर जल्द तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। नया बस स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और काशीपुर क्षेत्र का यातायात भी अधिक व्यवस्थित होगा।

प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में परिवहन व्यवस्था को नई दिशा दे रही है। इसी उद्देश्य से हाईवे और शहरों के बीच छोटे-छोटे आधुनिक बस स्टॉप भी विकसित किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध हो सके।
उन्होंने जानकारी दी कि पूरे जिले में आधुनिक इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। काशीपुर, जसपुर, रामनगर और खटीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने के लिए लगभग 20 नई बसें संचालित करने की योजना है। इसके साथ ही प्रदेश में 250 नई बीएस-6 बसों की खरीद प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है, जिन्हें दीपावली से पहले सड़कों पर उतारने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम क्षेत्र में 10 ईवी चार्जिंग स्टेशन, पांच वेंडिंग जोन, सड़क किनारे ट्रायल फुटपाथ और 77 सड़कों सहित कई विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया गया।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का लक्ष्य केवल सड़क और परिवहन सुविधाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि नया बस स्टेशन काशीपुर के विकास का नया अध्याय साबित होगा और क्षेत्र की आर्थिक व व्यावसायिक गतिविधियों को भी नई गति देगा।





