रुड़की। मदरहुड विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ नर्सिंग में “अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस 2026” का आयोजन किया गया, जिसकी इस वर्ष की थीम “हमारी नर्सें, हमारा भविष्य : सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं” रही। इस अवसर पर नर्सिंग व्यवसाय की महत्ता, सेवा भावना एवं मानवता के प्रति नर्सों के अमूल्य योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नर्सिंग के प्रति समर्पण, करुणा एवं सेवा भाव को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० (डॉ०) नरेंद्र शर्मा के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया, जो ज्ञान, सकारात्मकता एवं नवाचार का प्रतीक है। इसके पश्चात नर्सिंग छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो० डॉ० नरेंद्र शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नर्सिंग सेवा कार्य की गरिमा एवं समाज में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ होती हैं, जो अपने समर्पण, सेवा एवं त्याग से मरीजों को नया जीवन प्रदान करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सदैव मानव सेवा के लिए तत्पर रहने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने सभी नर्सिंग विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नर्सेस दिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा भविष्य में उत्कृष्ट नर्स बनने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात प्रोफेसर (डॉ.) रेनुका पॉली दास ने नर्सेस दिवस कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने नर्सिंग व्यवसाय को सेवा, समर्पण एवं करुणा का प्रतीक बताते हुए विद्यार्थियों को अपने कार्य के प्रति निष्ठावान रहने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद एसोसिएट प्रो० नरेश चंद मीणा ने वहां उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने नर्सिंग कार्य के महत्व एवं समाज में नर्सों की अहम भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नर्सें केवल मरीजों की देखभाल ही नहीं करतीं, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाने का कार्य भी करती हैं।
इसके बाद बी.एससी. नर्सिंग द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा दिव्यांशी वर्मा द्वारा नर्सिंग एवं नर्सेस दिवस विषय पर पीपीटी प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने नर्सिंग कार्य के महत्व एवं नर्सों के योगदान के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
तत्पश्चात बी.एससी. नर्सिंग द्वितीय सेमेस्टर के छात्र मोहम्मद उमर द्वारा नर्सेस दिवस के अवसर पर प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किया गया।
इसके बाद बी.एससी. नर्सिंग एवं जी.एन.एम. के विद्यार्थियों द्वारा नर्सेस दिवस के अवसर पर एक सुंदर एवं प्रेरणादायक स्किट प्रस्तुत किया गया , जिसमें नर्सों एवं नर्सिंग कार्य के महत्व को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। स्किट के माध्यम से यह बताया गया कि नर्सें मरीजों की देखभाल में किस प्रकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा कठिन परिस्थितियों में भी सेवा भावना के साथ कार्य करती हैं।
इसके पश्चात नर्सिंग विद्यार्थियों द्वारा नर्सेस दिवस से संबंधित प्रेरणादायक स्लोगन प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने अपने स्लोगनों के माध्यम से समाज में नर्सों के योगदान एवं महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में मिस आस्था गुप्ता द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार ज्ञापित किया गया तथा इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी के प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम का सफल संचालन मिस आकांक्षा द्वारा किया गया। इस अवसर पर फैकल्टी ऑफ नर्सिंग की प्रोफेसर डॉ. रेनुका पॉली दास, मिस नीलम जोशी, मिस मनीषा, मिस आस्था, मिस वंशिका, मिस्टर संकेत एवं मिस्टर देवांशु ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।






