Latest Update

12 करोड़ की लागत से निर्मित होगा पुल, सेतु निर्माण का कार्य समयबद्ध करवाने के निर्देश

देहरादून। मंगलवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून-मसूरी मोटर मार्ग पर शिव मंदिर के निकट क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर 12 करोड़ 17 लाख की लागत से बनने वाले नए स्थायी डबल लेन पुल के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। 

काबीना मंत्री गणेश जोशी ने सेतु निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुल के निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के अर्न्तगत करवाया जाए तथा यह कार्य पूर्ण गुणवत्तापूर्वक हो। उन्होंने कहा कि देहरादून-मसूरी मार्ग क्षेत्र की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह पुल मसूरी की लाइफलाइन के रूप में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु निरंतर कार्य कर रही है और आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। 

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में आई आपदा के दौरान उक्त स्थान पर स्थित पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत वैली ब्रिज का निर्माण कर आवागमन सुचारू किया गया, जो वर्तमान में संचालित है।

लोक निर्माण विभाग के ईई राजेश कुमार ने बताया कि राज्य योजना के अंतर्गत जनपद देहरादून के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में देहरादू-मसूरी राज्य मार्ग संख्या-1 के किमी 18 पर क्षतिग्रस्त सिंगल लेन सेतु के स्थान पर 60 मीटर स्पान का डबल लेन क्लास लोडिंग स्टील बॉक्स सेतु बनाया जाएगा। इस परियोजना में पाइल फाउंडेशन, आरसीसी एबटमेंट, स्टील गर्डर सेतु, 7.50 मीटर चौड़ा कैरिज वे (टू लेन), दोनों ओर 3 मीटर फुटपाथ, रेलिंग व क्रैश बैरियर सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल हैं। परियोजना की कुल लागत रुपये 12.17 करोड़ निर्धारित की गई है तथा निर्माण कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि 21 अगस्त 2026 है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, रजत अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ज्योति कोटिया, सुन्दर सिंह कोठाल, वंदना बिष्ट, होटल एसोसिऐशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, किरन, लक्ष्मण रावत, लोनिवि के ईई राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News