ऑपरेशन प्रहार के तहत 771 आरोपी गिरफ्तार किए गए:एसएसपी ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने एक माह में की बड़ी कार्रवाई 

हरिद्वार। जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने एक माह में कार्रवाई करते हुए 771 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 26 इनामी आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए तो 431 वारंटी भी हिरासत में लिए गए। सत्यापन अभियान चलाते हुए जुर्माने की कार्रवाई की गई। एसएसपी ने एक महीने में हुई कार्रवाई का आंकड़ा जारी किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 3 अप्रैल से 3 मई तक अभियान चलाकर जिलेभर में कार्रवाई की गई। इस अवधि में 96 वांछित, 26 इनामी और 431 वारंटियों समेत कुल 771 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 101 गुंडा तत्वों और 24 हिस्ट्रीशीटरों पर भी कार्रवाई की गई। शांति व्यवस्था भंग करने वाले 843 और अन्य 280 असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी गिरफ्तारी और चालान की कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सत्यापन अभियान के तहत 15,666 लोगों की जांच की गई। बिना सत्यापन रह रहे लोगों पर सख्ती बरतते हुए बीएनएस के तहत 3, पुलिस एक्ट में 4006, बीएनएसएस में 394 और अन्य मामलों में 49 कार्रवाई की गई। साथ ही एक अवैध विदेशी नागरिक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। रात के समय संचालित होने वाले बार, पब, होटल और ढाबों की भी सघन चेकिंग की गई। कुल 3543 प्रतिष्ठानों की जांच में 96 इकाइयों को बंद कराया गया, जबकि 84 संचालकों और 216 अन्य के खिलाफ कार्रवाई की गई।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। इस दौरान 2543 चालान किए गए, 68 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 452 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने 25 अवैध शस्त्र भी बरामद किए हैं।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News