
रुड़की। रुड़की में कांग्रेस को उस समय मजबूती मिली, जब वाल्मीकि समाज के दर्जनों लोगों ने महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी के सिविल लाइंस स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पूर्व महापौर एवं कांग्रेस नेता गौरव गोयल ने नए सदस्यों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। वहीं, वाल्मीकि समाज के युवा विनेश कुमार सौदाई को रुड़की एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने भाजपा सरकार पर वाल्मीकि समाज की अनदेखी और उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रुड़की नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के वेतन और उनकी मांगों को लेकर सामने आया विवाद इस दिशा में गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अपनी मांगों के लिए हड़ताल करने को मजबूर होना पड़ा। सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान और उन्हें उचित सम्मान मिलना चाहिए।
राजेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा दलितों, वाल्मीकि समाज और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की भूमिका केवल सत्ता तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज के वंचित वर्गों को न्याय और सम्मान दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने नए सदस्यों से संगठन को मजबूत बनाने और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने की अपील की।
पूर्व महापौर गौरव गोयल ने पार्टी में शामिल हुए लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की असली ताकत होते हैं। विभिन्न वर्गों के लोगों का कांग्रेस से जुड़ना संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए सदस्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहेंगे और समाज में भाईचारे, समानता तथा आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने में योगदान देंगे।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया गया।



















