Latest Update

रुड़की में चौथे इंटर-स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन, मॉन्टफोर्ट स्कूल बना चैंपियन

रुड़की। खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट के तत्वावधान में रॉयल क्रिकेट ग्राउंड, सोलानी पार्क, रुड़की में आयोजित चौथे इंटर-स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 (अंडर-14) का शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 9 विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग कर उत्कृष्ट खेल प्रतिभा और अनुशासन का परिचय दिया।

पहले सेमीफाइनल में मॉन्टफोर्ट स्कूल, रुड़की ने डीपीएस स्कूल, दौलतपुर को 3 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में नीम काला देवी पब्लिक स्कूल, रुड़की ने ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल, चुड़ियाला को 9 रन से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में मॉन्टफोर्ट स्कूल, रुड़की ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नीम काला देवी पब्लिक स्कूल को 7 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में मॉन्टफोर्ट स्कूल, डीपीएस दौलतपुर, नीम काला देवी पब्लिक स्कूल, ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल चुड़ियाला, दून पब्लिक स्कूल रुड़की, स्वामी दयानंद सरस्वती विद्यालय सहित कुल 9 विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि रग्बी संगठन के कोषाध्यक्ष आयुष्य सैनी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में खेल भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं। खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट के अध्यक्ष चैंपियन सूरज रोड ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर खेल मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी प्रतिभा को उचित अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष रचना देवी ने कहा कि संस्था बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लगातार खेल गतिविधियों का आयोजन कर रही है, जिससे नई पीढ़ी खेलों के प्रति प्रेरित हो सके।

इस अवसर पर कोच संजीत नेगी, अनमोल चौधरी, अभिषेक कुमार,सुमित शर्मा, ज्योति राव, प्रियांशु चौधरी, अमानुल्लाह सहित अनेक खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News