
रुड़की। जर्मनी के सुहल में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड जूनियर शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले रुड़की के युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल का शुक्रवार को शहर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। उनके सम्मान में ढोल-नगाड़े बजाए गए, मिठाई खिलाकर बधाई दी गई और फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया।
हाल ही में 16 से 26 जून तक जर्मनी के सुहल में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड जूनियर शूटिंग चैंपियनशिप में अभिनव देशवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल टीम इवेंट में रजत पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया।

रुड़की लौटने पर मोहनपुरा स्थित शूटिंग रेंज में उनके सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। परिजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर अभिनव के पिता मनोज देशवाल, माता संगीता देशवाल, कोच अमित कुमार धीमान, लोजमो संयोजक सुभाष सैनी, शीलचंद सैनी, स्वाति सिंह, विक्रांत पंवार, अर्जुन पंवार, अंकिता देशवाल, डॉ. परमेंद्र देशवाल, मधु देशवाल, टीना, संसार सिंह, रोहित बालियान, सुमित चौधरी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।





