
रुड़की। सुनहरा में बहन की पिटाई होने से नाराज होकर आक्रोशित भाई ने अपने जीजा पर डंडे से हमला कर दिया। सिर में डंडा लगने से जीजा घायल हो गया। घटना के बाद आरोपित धमकी देकर फरार हो गया।पुलिस को मामले की तहरीर दी गई है।सुनहरा निवासी ब्रजेश का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। आरोप है कि इसके चलते ही उसने शुक्रवार को पत्नी की पिटाई कर दी। महिला की पिटाई की बात उसके भाई को पता चल गई। जिसके चलते शनिवार को वह बहन के घर पहुंचा। उसने बहन की पिटाई करने पर जीजा से विरोध जताया। इस बात को लेकर इनके बीच नोकझोंक और गाली गलौज हो गई। मामला इस कदर बढ़ा कि इनके बीच हाथापाई की नौबत आ गई।आरोप है कि साले ने जीजा पर हमला कर दिया। इसी दौरान उसने पास में रखा डंडा उठा लिया और हमला कर दिया। सिर में डंडा लगने से ब्रजेश घायल हो गया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्हें आता देख आरोपित धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घायल को उसके स्वजन ने उपचार कराया। इसके बाद पीड़ित ने गंगनहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले की तहरीर दी है।गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्वत ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पड़ताल के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।






