

रुड़की। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सोलानी पार्क, रुड़की में आयोजित ‘क्रॉस कंट्री रन-2026’ में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवा प्रतिभागियों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में पहुंचे कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मेयर अनिता अग्रवाल और जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी भी मौजूद रहीं।


कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ एवं ‘खेलो इंडिया’ अभियान तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना’ के माध्यम से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहित और सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं का सर्वांगीण विकास और प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि मैराथन और क्रॉस कंट्री जैसी प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, स्वस्थ जीवनशैली और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। खेलों के माध्यम से युवा न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनते हैं, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का भी विकास होता है।



कैबिनेट मंत्री ने ‘दैनिक रुड़की न्यूज़ पोर्टल’ परिवार की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। आयोजन का उद्देश्य युवाओं और बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय समाज के निर्माण का संदेश देना रहा।












