

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में बैचलर आफ साइंस एंड मास्टर आफ साइंस (बीएस-एमएस) द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने देर रात आत्महत्या कर ली है। छात्र की आत्महत्या की सूचना मिलने पर संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया है। मौके पर पहुंची पुलिस छात्र की आत्महत्या की वजह को तलाश रही है। अभी छात्र के आत्महत्या करने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। छात्र आयुष राजोरिया पुत्र शैलेश राजोरिया 410 बांके बिहारी शरणम राजनगर एक्सटेन्सन गाजियाबाद उप्र का रहने वाला है। छात्र के माता-पिता भी संस्थान परिसर पहुंच गए हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


आईआईटी रुड़की की ओर से बीएस-एमएस कार्यक्रम के गणित एवं कंप्यूटिंग के द्वितीय वर्ष के छात्र आयुष राजोरिया की मृत्यु पर दुख प्रकट किया गया है। संस्थान की मीडिया सेल प्रभारी सोनिका श्रीवास्तव के अनुसार इस घटना से जुड़ी परिस्थितियों की फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।



संस्थान अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रहा है और परिवार को हर संभव आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही अनुरोध किया है कि शोकाकुल परिवार की निजता का सम्मान करें और घटना को लेकर किसी भी तरह की अटकलें लगाने से बचें। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि छानबीन करने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा की छात्र ने आत्महत्या किस वजह से की है।












