
रुड़की। हरिद्वार,पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज रुड़की में जिला स्तरीय द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 प्रतियोगिता आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हरिद्वार के छह विकासखंड भगवानपुर, बहादराबाद , लक्सर, रुड़की नारसन, खानपुर के जूनियर एवं सीनियर वर्ग के 48 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी रुड़की आकांक्षा राठौर, प्रधानाचार्य शाने करीम सिद्दीकी, नीलम कटियार , जिला विज्ञान समन्वयक डॉ रविंद्र चौहान, सुरेश चंद्र एवं गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं आविष्कार’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ, तार्किक क्षमता और त्वरित निर्णय लेने की योग्यता का आकलन किया गया। पहले चरण में लिखित परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद जूनियर और सीनियर वर्ग में चार-चार टीमों का चयन कर उनके बीच छह चरणों में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें सामान्य प्रश्न, बजर राउंड, रैपिड फायर, विजुअल राउंड, वीडियो राउंड और तत्काल भाषण के माध्यम से टीमों का मूल्यांकन किया गया।
सीनियर वर्ग में अर्चित रावत और राघव की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। निकुंज और अभिनव की टीम दूसरे, नबील त्यागी और ज्योति की टीम तीसरे तथा ताबिश चाँद और कुलवंशी की टीम चौथे स्थान पर रही। जूनियर वर्ग में श्रेयांश और रुद्रप्रताप की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। अथर्व और अभियान की टीम दूसरे, अनस और अनुभव की टीम तीसरे तथा अंकुश और अजहर की टीम चौथे स्थान पर रही। खंड शिक्षा अधिकारी रुड़की आकांक्षा राठौर ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में दुर्गेश नंदिनी, पंकज बिजवाण, राजीव राय , उस्मान अहमद, सत्येंद्र कुमार आदि ने उपस्थित होकर अपना सहयोग दिया। अंत में राजकीय इंटर कॉलेज रुड़की के प्रधानाचार्य साने करीम सिद्दीकी ने सहयोगियों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया ।



















