
वेतन विसंगति, पुरानी पेंशन और नियमित भर्ती समेत विभिन्न मांगों को लेकर उठी आवाज

रुड़की। मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन इरीगेशन डिपार्टमेंट उत्तर प्रदेश का द्विवार्षिक सम्मेलन गुरुवार को सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश कार्यालय में आयोजित किया गया। सम्मेलन में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। इस दौरान जिला रुड़की शाखा की नई कार्यकारिणी के चुनाव भी संपन्न हुए।
सम्मेलन में कर्मचारियों ने वेतन विसंगतियों को दूर करने, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, नियमित पदों को समाप्त न करने तथा रिक्त पदों पर नियमित भर्ती किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन को मजबूत करते हुए एकजुट होकर संघर्ष करना आवश्यक है।
प्रांतीय अध्यक्ष करतार सिंह ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान एकजुट होकर संघर्ष करने से ही संभव है। उन्होंने कहा कि संगठन से बड़ी कोई शक्ति नहीं है और कर्मचारियों को अपनी ताकत पहचाननी होगी। उन्होंने नियमित पदों को समाप्त कर आउटसोर्स के माध्यम से भर्ती किए जाने पर चिंता जताते हुए कहा कि इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विभागों में रिक्त पड़े पदों पर नियमित भर्ती की जानी चाहिए। आउटसोर्स व्यवस्था को युवाओं के शोषण की व्यवस्था बताते हुए उन्होंने कर्मचारियों से इसके खिलाफ मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने चेताया कि यदि कर्मचारी समय रहते जागरूक नहीं हुए तो भविष्य में सरकारी विभागों के निजीकरण का खतरा बढ़ सकता है।
प्रदेश महामंत्री गोवर्धन सिंह ने कहा कि इतिहास गवाह है कि संगठन के बैनर तले कर्मचारियों ने बड़ी से बड़ी लड़ाइयां जीती हैं। कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले संगठन के दबाव के चलते सरकार को लेने पड़े हैं। उन्होंने कहा कि वेतन विसंगति, पुरानी पेंशन और नियमित पदों को समाप्त किया जाना कर्मचारियों की प्रमुख समस्याओं में शामिल हैं। इनके समाधान के लिए संगठन के माध्यम से मजबूती से आवाज उठाई जाएगी।
सम्मेलन के दौरान कर्मचारियों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने और आगामी समय में लंबित मांगों को लेकर प्रभावी आंदोलन की रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा की। साथ ही जिला रुड़की शाखा के चुनाव संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत करने और कर्मचारी हितों के लिए कार्य करने का आह्वान किया गया।



















