
रुड़की। कलियर विधानसभा क्षेत्र के धनौरी स्थित महर्षि दयानंद मेडिकल साइंस एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट परिसर में सात सितंबर को स्वराज फाउंडेशन की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में देश के विभिन्न राज्यों से 35 से 40 कंपनियां हिस्सा लेंगी और युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी।

देहरादून रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम संयोजक रोमा सैनी ने बताया कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य दसवीं, बारहवीं, स्नातक, आईटीआई, पॉलिटेक्निक सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों की पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। कंपनियां युवाओं की शैक्षिक योग्यता, कौशल और क्षमता के आधार पर चयन करेंगी।
फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल परासर ने बताया कि मेले में कम से कम एक हजार युवाओं को कंपनियों की ओर से मौके पर ही ऑफर लेटर अथवा नियुक्ति पत्र दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। चयनित युवाओं को सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप वेतन उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट सहित अन्य प्रदेश स्तरीय नेता भी मौजूद रहेंगे। आयोजकों ने क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं से मेले में पहुंचकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की।
पत्रकार वार्ता में सांसद प्रतिनिधि संजय प्रजापति, पार्षद यूजूर प्रजापति, रामगोपाल कंसल, देशपाल रोड, संजय सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



















