
रुड़की। बचपन प्ले स्कूल द्वारा पैरेंट्स डे के अवसर पर भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों एवं बच्चों ने विभिन्न मनोरंजक खेलों, टीम गतिविधियों तथा फिटनेस से जुड़ी रोचक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों और बच्चों के बीच प्रेम, विश्वास एवं आपसी सहयोग को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली, अच्छी स्वास्थ्य आदतों तथा शारीरिक रूप से फिट रहने के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। साथ ही, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता एवं भावनात्मक संतुलन को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर प्रतिभागियों के लिए ज़ुम्बा सेशन, “क्रॉल लाइक अ बेबी”, “मिरर मी”, आर्म रेसलिंग तथा मिनी योगा सेशन जैसी कई मनोरंजक एवं ऊर्जावान गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन सभी गतिविधियों का सफल संचालन श्रीमती नंदिनी शर्मा द्वारा किया गया, जो 200+ घंटे की एडवांस लेवल प्रमाणित योग प्रशिक्षक हैं तथा राष्ट्रीय स्तर पर भी योग का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
पूरे आयोजन के दौरान बच्चों एवं उनके माता-पिता के चेहरों पर खुशी, उत्साह और ऊर्जा साफ़ झलक रही थी। सभी परिवारों को सहभागिता के लिए एप्रिसिएशन सर्टिफिकेट तथा गोल्ड्स जिम की ओर से *सिप्पर* भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की एडमिन कोऑर्डिनेटर श्रीमती विनिता स्टेनली ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए उनके निरंतर सहयोग, विश्वास एवं सक्रिय सहभागिता के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल विद्यालय और अभिभावकों के बीच मजबूत संबंध स्थापित करते हैं, बल्कि बच्चों और परिवारों में स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा भी देते हैं।
विद्यालय परिवार ने भी सभी अभिभावकों एवं द गोल्ड्स जिम का हार्दिक आभार व्यक्त किया। यह आयोजन सभी के लिए आनंद, अपनापन, स्वास्थ्य जागरूकता और अविस्मरणीय यादों से भरपूर रहा।





