
लो-वोल्टेज, जलभराव और बदहाल सुविधाओं से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन, कांग्रेस नेता सुभाष सैनी ने सरकार और जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना

रुड़की। रुड़की विधानसभा क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित बत्रा कॉलोनी में वर्षों से चली आ रही जलभराव और बिजली संकट की समस्या को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। कॉलोनीवासियों ने एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया और मीडिया के माध्यम से अपनी समस्याएं उठाते हुए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हर वर्ष बरसात के दौरान पूरी कॉलोनी जलमग्न हो जाती है। सड़कों और गलियों में पानी भरने से लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। उनका आरोप है कि नगर निगम और जनप्रतिनिधियों को कई बार शिकायत करने के बावजूद आज तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
लोगों ने बताया कि जलभराव के साथ-साथ बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है। कई स्थानों पर बिजली के तार झूल रहे हैं, खंभे क्षतिग्रस्त हैं और क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों की संख्या भी पर्याप्त नहीं है। उनका आरोप है कि कॉलोनी के बराबर में लगने वाले गांव के खेतों में किसानों के ट्यूबल से लगे ट्रांसफार्मर के बिजली कनेक्शन को कॉलोनी के कनेक्शन से जोड़ दिया गया है जिस की कॉलोनी में लो वोल्टेज की समस्या लगातार बनी आ रही है जिस कारण बत्रा कॉलोनी में लगातार लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। इससे गर्मी के मौसम में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से नहीं चल पाते, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए कॉलोनीवासियों ने लोकतांत्रिक जनमोर्चा एवं कांग्रेस नेता सुभाष सैनी को मौके पर बुलाया। सुभाष सैनी ने आरोप लगाया कि रुड़की विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा वर्षों से जनता को केवल आश्वासन देते आ रहे हैं, लेकिन धरातल पर विकास और मूलभूत सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता जलभराव, बिजली और अन्य बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है, जबकि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि केवल वादे करने तक सीमित हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शेरपुर हत्याकांड के समय भी पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने का वादा किया गया था, लेकिन वह भी पूरा नहीं हुआ। सुभाष सैनी ने कहा कि हरिद्वार के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और रुड़की विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दे उठा रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बत्रा कॉलोनी में जलनिकासी, बिजली व्यवस्था और लो-वोल्टेज की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित जनप्रतिनिधियों की होगी।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से ओमवीर धीमान, अजीत प्रताप सिंह, अजय सैनी, रोहित कुमार, प्रदीप बालियान, आदेश त्यागी, रमेश सैनी, सोनू सैनी, मनीष तनेजा, सचिन कुमार, जितेंद्र कुमार, दीपक कुमार, अनमोल कुमार, देवेंद्र कुमार, अनिल कुमार, राकेश डोली, रोहित जैन, राहुल जैन सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी महिला मौजूद रही।





