
रुड़की। हरिद्वार जनपद में जल्द ही ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना की जाएगी। इसके लिए उपयुक्त एवं आसानी से उपलब्ध होने वाली भूमि की तलाश शुरू की जाएगी। परिवहन मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने यह घोषणा करते हुए कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर रुड़की या हरिद्वार में उपयुक्त स्थान पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर परियोजना की प्रक्रिया को तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा।

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि हरिद्वार जिला धार्मिक महत्व के साथ-साथ औद्योगिक दृष्टि से भी प्रदेश का महत्वपूर्ण केंद्र है। वर्तमान में जिले में हजारों उद्योग संचालित हो रहे हैं और भविष्य में भगवानपुर तथा लंढौरा क्षेत्र में भी औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं हैं। इसके बावजूद ट्रांसपोर्ट नगर नहीं होने के कारण उद्यमियों, ट्रांसपोर्टरों और ट्रक संचालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि बड़े आयोजनों और औद्योगिक गतिविधियों के दौरान ट्रकों एवं मालवाहक वाहनों को सड़कों के किनारे खड़ा करना पड़ता है, जिससे यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। हाल ही में लघु उद्योग भारती के संवाद कार्यक्रम में भी उद्यमियों ने ट्रांसपोर्ट नगर की मांग प्रमुखता से उठाई थी।
प्रदीप बत्रा ने कहा कि जहां भी उपयुक्त भूमि उपलब्ध होगी, वहीं ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किया जाएगा। इसके बनने से माल की लोडिंग, अनलोडिंग और भंडारण की आधुनिक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे सड़कों पर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लॉजिस्टिक्स सिस्टम अधिक व्यवस्थित बनेगा।
परिवहन मंत्री ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर बनने से उद्योगों को बड़ा लाभ मिलेगा, व्यापार को गति मिलेगी तथा ट्रक मालिकों और परिवहन कारोबारियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। साथ ही प्रतिस्पर्धा बढ़ने से सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उद्योगों और परिवहन क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।





