Latest Update

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के तत्वाधान में योग शिविर का आयोजन

हरिद्वार। निरामया योगम् रिसर्च फाउण्डेशन, इंडियन रेडक्रास के संयुक्त तत्वाधान में आयुष विभाग के निर्देशनमें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत 15 दिवसीय योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी परिपेक्ष में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के पूर्व दिवस पर श्री अवधूत मंडल आश्रम में योग शिविर आयोजित हुआ। योग शिविर का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद महाराज, इंडियन रेडक्रास उत्तराखण्ड के चेयरमेन डॉ. नरेश चौधरी एवं निरामया योगम् रिसर्च फाउण्डेशन की निदेशक योगाचार्य डॉ. उर्मिला पाण्डेयने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। योग शिविर में योगाचार्य डॉ. उर्मिला पाण्डेय ने प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराते हुए कहा कि योग एक दिन का उत्सव नहीं है बल्कि यह स्वस्थ शरीर शांत मन और संतुलित जीवन की ओर बढ़ने का संदेश देता है तथा लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित भी करता है। इंडियन रेडक्रास उत्तराखण्ड के चेयरमेन प्रोफेसर डॉ. नरेश चौधरी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2026 की योग थीम ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग’’ है, यह विषय सभी उम्र के व्यक्तियों में स्वास्थ्य, सहनशक्ति और मानसिक संतुलन को बढ़ावा देने पर केन्द्रित है ताकि बढ़ती उम्र में भी व्यक्ति सक्रिय और स्वतंत्र रह सके। डॉ. नरेश चौधरी ने कहा कि शारीरिक रूप से सक्रिय रहने से हमारे मस्तिष्क के स्वास्थ्य में सुधार होता है और साथ ही साथ रोजमर्रा की गतिविधियों को करने की क्षमता भी बढ़ती है और इन सबमें योग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है जिसे हमें अपनी दिनचर्या में सर्वोच्च प्राथमिकता देनी है।

महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद ने कहा कि योग का मूल संदेश आत्मा और परमात्मा का मिलन है यह केवल शारीरिक व्यायाम या आसन नहीं है बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन बनाने की एक जीवन शैली है। योग शिविर में निरामया योगम् रिसर्च फाउण्डेशन के योग प्रशिक्षक मनीषा, पदमा, पारुल, रितू शर्मा, सीमा ठाकुर, विशाल, इंडियन रेडक्रास स्वंयसेवक पूनम, विकास देशवाल, कासवी एवं आयुष विभाग प्रतिनिधि डॉ. संगीता ने विशेष रूप से सक्रिय सहभागिता की। निरामया योगम् रिसर्च फाउण्डेशन की निदेशक डॉ. उर्मिला पाण्डेय ने योग शिविर में प्रतिभाग करने वाले सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का विशेष रुप से धन्यवाद ज्ञापित किया।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News