
रुड़की।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र सेवा, जनसेवा, जनकल्याण एवं सुशासन के गौरवपूर्ण 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लक्ष्मी नारायण गंगा घाट, रुड़की में विशेष पूजा-अर्चना गंगा आरती एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि, विकास एवं जनकल्याण की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आज विश्व पटल पर नई पहचान स्थापित कर रहा है तथा विकसित भारत के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पूजा-अर्चना के दौरान राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की गई। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल नेतृत्व की मंगलकामना भी की गई।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह,मेयर अनिता अग्रवाल,राज्यमंत्री पशु पालन कल्याण बोर्ड रणजीत सिंह नामधारी ,पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने हेतु जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।




