
रुड़की,
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में श्री योग शक्ति संस्था एवं शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच द्वारा आर्य समाज के सहयोग से वटवृक्ष, सुनहरा रोड रुड़की पर 12 दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में पहले ही दिन सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और उत्साहपूर्वक योग के प्रति अपनी रुचि दिखाई।

मुख्य योग शिक्षक श्री राम कुमार योगाचार्य ने बताया कि उनकी संस्था पिछले छह वर्षों से लगातार योग शिविरों का आयोजन कर रही है। इस वर्ष आर्य समाज के हरपाल सिंह सैनी तथा भाजपा नेत्री रमा सैनी के सहयोग से यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिन में पूरी तरह समझना संभव नहीं है, इसलिए लोगों को योग के महत्व और उसकी विधियों से परिचित कराने के लिए 12 दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया है।
योगाचार्य राम कुमार ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है। शिविर के दौरान प्रतिदिन विभिन्न योग क्रियाओं और आसनों का अभ्यास कराया जाएगा तथा शहर के गणमान्य लोग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
शिविर के प्रथम दिवस का विधिवत शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रमा सैनी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। योग से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि मानसिक शांति भी प्राप्त होती है।
वहीं आर्य समाज से जुड़े हरपाल सिंह सैनी ने लोगों से योग को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर नीरज सैनी, अशोक सैनी, शिवम पाल, अंग्रेज पाल, हरपाल सिंह, नीतू, मोनू वाणी सहित सैकड़ों की संख्या में योग साधक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे




