
हरिद्वार । जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने अवगत कराया है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आज सोमवार से जनपद के सभी मतदाताओं को गणना फार्म बांटने का कार्य बीएलओ द्वारा शुरू कर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त मतदाताओं से बूथ लेवल एजेंट्स को सहयोग करने की अपील की है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी 1715 बीएलओ के पास गणना फार्म पंहुचा दिए गए हैं। इस अभियान के तहत जनपद के सभी मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। आगामी 7 जुलाई तक एक माह के समय में बीएलओ द्वारा मतदाताओं के गणना फार्मों को बीएलओ एप्प के माध्यम से डिजिटिलाइज किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने अवगत कराया है कि जनपद के ऐसे मतदाता नौकरी या अन्य पेशे से जुड़े होने के कारण दिन में घर पर उपलब्ध नहीं हैं तो वे ”बुक ए कॉल विद बीएलओ के फीचर से एक क्लिक पर अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक करा सकते हैं। इसके लिए मतदाता मोबाइल ऐप को डाउनलोड कर अपनी कॉल बुक करा सकते हैं। कॉल बुक कराने के बाद दो दिन के भीतर बीएलओ द्वारा मतदाता से स्वयं संपर्क किया जाएगा। इसके अलावा बीएलओ के क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो ऐसी स्थिति में बीएलओ तीन बार घर पर विजिट करेंगे और बीएलओ घर पर स्टीकर लगाकर अपने अगले विजिट की डेट और मोबाइल नंबर लिखेंगे, मतदाताओं द्वारा बीएलओ से संपर्क कर सुविधानुसार गणना फार्म भरा जा सकता है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के मतदाताओं से अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की है।




