रुड़की। आदर्श नगर स्थित ग्रीनवे स्कूल की प्रधानाचार्या माला चौहान के आवास पर मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी जन-धन हानि टाल दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग मकान के द्वितीय तल पर स्थित एक कमरे में लगी थी, जहां एसी और सोफे ने आग पकड़ ली थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी वंश नारायण यादव के नेतृत्व में फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने दो होज पाइप बिछाकर मोटर फायर इंजन से पंपिंग शुरू की और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया।

द्वितीय तल पर अत्यधिक धुआं भर जाने के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन फायर कर्मियों ने कड़ी मेहनत और अथक प्रयास से आग को पूरी तरह बुझा दिया। साथ ही आग को अन्य मंजिलों तक फैलने से भी रोक लिया गया। आग से एसी, सोफा व अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो आग विकराल रूप ले सकती थी। मौके पर मौजूद मकान स्वामिनी माला चौहान ने फायर यूनिट की त्वरित प्रतिक्रिया और साहस की सराहना करते हुए टीम का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *