*देहरादून में सियासी ‘खिचड़ी’ पकनी शुरू! 2027 के रण के लिए UKD और RPI (आठवले) साथ आने के संकेत*

देहरादून में आज हुई एक अहम बैठक ने उत्तराखंड की सियासत में हलचल तेज कर दी है। उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के दिग्गज नेता काशी सिंह ऐरी और ललित बिष्ट ने रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के प्रदेश अध्यक्ष सेठपाल सिंह से मुलाकात कर 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा सियासी संकेत दे दिया है।सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में दोनों दलों के बीच चुनावी तालमेल को लेकर गंभीर चर्चा हुई और साथ मिलकर चुनाव लड़ने की रणनीति पर सहमति बनती नजर आई। खास बात यह रही कि रिपब्लिकन पार्टी की ओर से भी इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाया गया और कुछ सीटों पर समर्थन देने की बात सामने आई है।बैठक में तराई और ग्रामीण हरिद्वार क्षेत्र को लेकर खास फोकस रखा गया, जहां दोनों दल अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर मंथन करते दिखे। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को आगामी चुनाव से पहले नए गठजोड़ की बुनियाद के तौर पर देखा जा रहा है।हालांकि अभी सीट शेयरिंग और आधिकारिक ऐलान बाकी है, लेकिन जिस तरह से दोनों पक्षों के बीच तालमेल की बात सामने आई है, उससे साफ है कि 2027 के चुनाव से पहले उत्तराखंड की सियासत में नए समीकरण बन सकते हैं।
