

हरिद्वार। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित ‘वीआईपी’ की भूमिका के जांच के संबंध में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के निर्देश पर पूर्व विधायक सुरेश राठौर सोमवार को गुजरात के लिए रवाना हो गए।
सीबीआई ने पॉलीग्राफ और नार्को- एनालिसिस जांच के लिए ज्वालापुर से विधायक रहे राठौर को 24 नवंबर को गांधीनगर तलब किया है। राठौर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से फिलहाल निष्कासित हैं। राठौर ने सीबीआई जांच में पूरी मदद करने की बात कहते हुए कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने और मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए वह जांच एजेंसी के साथ हर स्तर पर सहयोग करेंगे।
उन्होंने अंकिता भंडारी को ‘बिटिया के समान’ बताते हुए कहा कि ईश्वर इस मामले में सच बोलने में उनकी मदद करेगा। मामले की जांच कर रही सीबीआई द्वारा राठौर और खुद को उनकी कथित पत्नी बताने वाली टेलीविजन अभिनेत्री उर्मिला सनावर का पॉलीग्राफ और नार्को- एनालिसिस जांच कराया जाना है। इसके लिए राठौर और सनावर पहले ही अपनी सहमति दे चुके हैं जिसके बाद देहरादून स्थित सीबीआई अदालत ने ये जांच गांधीनगर में कराए जाने का निर्णय दिया था।
राठौर ने मीडिया को बताया कि सीबीआई का नोटिस प्राप्त होने के बाद वह गांधीनगर के लिए रवाना हुए हैं । उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में सीबीआई जांच में वह पूरा सहयोग देंगे। पूर्व विधायक ने कहा कि सोमवार को राजस्थान में रूकने के बाद वह मंगलवार 24 नवंबर को गांधीनगर पहुंचेंगे जहां नार्को जांच की प्रक्रिया शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि सीबीआई कार्यालय में उपस्थिति दर्ज करने के बाद पहले उनका चिकित्सा परीक्षण कराया जायेगा और फिर नार्को जांच होगी। उधर, सनावर की वकील शिवानी तोमर ने बताया कि उनकी मुवक्किल की एनालिसिस और पॉलीग्राफी जांच की तिथि अभी घोषित नहीं की गयी है।
ऋषिकेश के पास वनंत्रा रिजॉर्ट में बतौर रिसेप्शनिस्ट काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता की 18 सितंबर 2022 को रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों -सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। तीनों को इस मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गयी है।
हालांकि, पिछले साल दिसंबर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए राठौर और सनावर के बीच कथित बातचीत के आडियो में ‘वीआईपी’ की भूमिका और उसके नाम का जिक्र होने के बाद अंकिता हत्याकांड फिर चर्चा में आया। कांग्रेस समेत तमाम राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के दवाब और अंकिता के माता-पिता की मांग पर मुख्यमंत्री ने इस वर्ष जनवरी में मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।
हाल में भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद इस मामले ने फिर तूल पकड़ लिया। भाजपा के प्रदेश प्रभारी रहे गौतम की नियुक्ति के विरोध में प्रदेश भर में लगातार विरोध प्रदर्शनों के बीच अंकिता के माता-पिता ने भी दिल्ली में इंडिया गेट पर धरना दिया था और मामले की जांच में तेजी के लिए सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी।







