Latest Update

अंतरिक्ष में भारत को बड़ी कामयाबी, इसरो ने की सबसे छोटे एसएसएलवी रॉकेट की लांचिंग

श्रीहरिकोटा। अंतररिक्ष में भारत को एक और कामयाबी मिली है। इसरो ने सबसे छोटे एसएसएलवी रॉकेट की सफल लांचिंग की है। इसी के साथ भारत को महंगे लांच से भी आजादी मिल गई है। जानकारी के अनुसार भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने देश के लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान (एसएसएलवी-डी2) की दूसरी विकासात्मक उड़ान के जरिए शुक्रवार को पृथ्वी अवलोकन उपग्रह (ईओएस-7) और दो अन्य उपग्रहों का यहां शार रेंज से प्रक्षेपण किया और उन सभी को निर्धारित समय पर वांछित कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया।

इससे पहले तडक़े 02:48 पर शुरू हुई साढ़े छह घंटे की उलटी गिनती के बाद सुबह 09:18 बजे साफ मौसम के बीच एसएसएलवी-डी2 ने पहले लांच पैड से शानदार उड़ान भरी। उड़ान के 15 मिनट पूरे होने और तीनों चरणों के अलग होने के बाद 119 टन वजनी 34 मीटर लंबे एसएसएलवी ने 156.3 किलोग्राम वजनी ईओएस-07, अमेरिकी कंपनी अंटारिस द्वारा निर्मित 10.2 किलोग्राम के जानूस-1 उपग्रह और चेन्नई के स्पेसकिड्ज इंडिया द्वारा निर्मित 8.8 किलोग्राम के आज़ादीसैट-2 उपग्रह को 450 किलोमीटर लंबी कक्षा में 37.2 डिग्री के झुकाव पर स्थापित किया।

इसरो अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने मिशन कंट्रोल सेंटर, इसरो के वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मिशन पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि एसएसएलवी-डी2 मिशन सफल रहा और तीनों उपग्रह सटीक कक्षा में स्थापित कर दिए गए हैं। उन्होंने मिशन की सफलता के लिए इसरो की पूरी टीम को धन्यवाद भी दिया।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News