Latest Update

चकबंदी विभाग मे व्यापक भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करेगी भाकियू किसानों की समस्याओं का नहीं हो पा रहा है समाधान: पदम रोड

रुड़की। भारतीय किसान यूनियन (रोड) की मासिक बैठक शुक्रवार को प्रशासनिक भवन में आयोजित हुई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान बारिश से फसलों को हुए नुकसान, चकबंदी विभाग की कार्यप्रणाली, ऊर्जा निगम की मनमानी, खेतों तक पहुंचने वाले वाहनों के चालान और ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने समेत कई मुद्दे उठाए गए।

भाकियू रोड के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी पदम सिंह रोड ने कहा कि चकबंदी विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली से किसान लंबे समय से परेशान हैं। किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदेश अध्यक्ष कुंवर संजीव कुशवाहा ने कहा कि विद्युत विभाग की मनमानी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुराने बकाये के नाम पर किसानों के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई रोकी जानी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने से पहले किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाए।

प्रदीप त्यागी ने कहा कि बारिश के कारण कई क्षेत्रों में किसानों की फसल खराब हुई है। प्रभावित किसानों की फसलों का तत्काल सर्वे कराकर उन्हें मुआवजा दिया जाना चाहिए। किसानों को खेतों तक आने-जाने के दौरान अनावश्यक रूप से परेशान करने और वाहनों के चालान करने की कार्रवाई पर भी नाराजगी जताई गई।

किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से सड़क निर्माण के कारण पानी की निकासी प्रभावित होने का मुद्दा भी उठाया। वक्ताओं ने सड़क के साथ पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। इसके अलावा गरीब किसानों के राशन कार्ड बनाने, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, अवैध वसूली पर रोक लगाने, सोलर प्लांट की सब्सिडी दोबारा शुरू करने, ढंडेरा रेलवे फाटक पर स्वीकृत ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू कराने तथा किसानों को आवश्यकता के अनुसार यूरिया और जैविक कीटनाशक उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। किसानों की समस्याओं को लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट को ज्ञापन दिया।

चौधरी पदम सिंह रोड और कुंवर संजीव कुशवाहा ने कहा कि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो भारतीय किसान यूनियन आंदोलन करने को मजबूर होगी।बैठक में गजेंद्र चौधरी, अनुज त्यागी, विकास शर्मा, संजय मुद्रण, शहजाद करी, सुरेंद्र प्रधान, कंबोज जी, निर्मल सिंह, आलम, इरशाद प्रधान, जॉनी त्यागी, सीताराम, अनस त्यागी, कुलदीप त्यागी और कृष्ण पाल समेत अन्य किसान मौजूद रहे।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News