Latest Update

लोहे का चैनल गिरने से निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे बैठे दो कांवड़ियों की मौत

बहादराबाद। शनिवार को कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसे में दो शिवभक्त कांवड़ियों की जान चली गई। बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे बैठे दो कांवड़ियों पर अचानक भारी लोहे का चैनल (गाटर) गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान तनुज (21) निवासी मुरादनगर और किशन (22) निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में थकान होने पर वे निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे बैठ गए। इसी दौरान वहां रखा भारी लोहे का चैनल खिसककर उनके ऊपर गिर गया।

सूचना मिलते ही शांतरशाह चौकी और बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद अन्य कांवड़ियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन और संभावित लापरवाही की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News