
रुड़की में परीक्षा लीक के मुद्दे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजय मार्च निकालते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा। जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर और ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से सत्याग्रह और कैंडल मार्च निकाला गया, जो गांधी वाटिका स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर जाकर समाप्त हुआ। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने छात्रों के हित में कई मांगें भी उठाईं।नगर निगम पुल के पास स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर सत्याग्रह किया। इसके बाद हाथों में मोमबत्तियां लेकर कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च गांधी वाटिका पहुंचा, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर कार्यक्रम का समापन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे छात्रों और लोकतंत्र की जीत बताया। महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे से छात्रों के संघर्ष को जीत मिली है। उन्होंने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि परीक्षा लीक प्रकरण से प्रभावित होकर जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए, प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हो और उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री को तत्काल बर्खास्त किया जाए। पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से छात्रों के आंदोलन के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनका समर्थन जारी रहेगा। उन्होंने परीक्षा लीक प्रकरण में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को ₹1 करोड़ का मुआवजा देने की मांग दोहराई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के हितों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






