
धनौरी। सोमवार को हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी में संस्थापक शिक्षाऋषि स्वर्गीय डॉ तेजवीर सिंह सैनी की पुण्यतिथि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि डॉ तेजवीर सिंह सैनी ने कठोर परिश्रम और कड़ी मेहनत से क्षेत्र में शिक्षा का उजियारा फैलाया है।

सबसे पहले हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज, हरिओम सरस्वती इंटर कॉलेज, हरिओम सरस्वती पब्लिक स्कूल, हरिओम सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल तथा राजा बाबू पब्लिक इंटर कॉलेज कोटा मुरादनगर के शिक्षकों कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने संस्थापक की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करते हुए बाल कल्याण समिति हरिद्वार की पूर्व अध्यक्ष अंजना सैनी ने कहा कि डॉ तेजवीर सिंह ने अपना पूरा जीवन समाज को समर्पित कर दिया। उन्होंने अपनी अंतिम सांस भी शिक्षा के मंदिर में ही ली। महाविद्यालय के संरक्षक राजवीर सिंह ने कहा कि अति पिछड़े क्षेत्र में 40 साल पहले ऐसी संस्था स्थापित करने का साहस हर कोई नहीं कर सकता था। डॉ तेजवीर सिंह के लिए विद्यालय सेवा का माध्यम था। हरिओम सरस्वती इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राकेश चौधरी, वरिष्ठ शिक्षक सुलेख चंद, मांगेराम चौहान और राजा बाबू पब्लिक इंटर कॉलेज के शिक्षक विनय कुमार ने डॉ तेजवीर सिंह सैनी के साथ अपने कार्यकाल की यादों को साझा किया।



कार्यक्रम को प्रबंध समिति के पदाधिकारी डॉ हर्ष सैनी, डॉ आदित्य सैनी, हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मुनेंद्र सिंह आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति की अध्यक्ष सुमन देवी ने की जबकि संचालन उप प्राचार्य डॉ योगेश कुमार ने किया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. दीपमाला कौशिक ने सभी का आभार जताया। इस अवसर पर आरएसएस के पूर्व जिला कार्यवाह डॉ.अंकित सैनी, अर्जुन चौहान, मांगेराम सैनी रीमा जैन आदि उपस्थित रहे।





